वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप, हजारों मौतों की आशंका

कराकस, 25 जून- वेनेजुएला में बुधवार शाम (भारतीय समयानुसार गुरुवार सुबह) दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिससे व्यापक तबाही की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार 10,000 से अधिक लोगों की मौत होने की 44 प्रतिशत और 1 लाख से अधिक मौतों की 30 प्रतिशत संभावना व्यक्त की गई है।

पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। दोनों भूकंप राजधानी कराकस से लगभग 290 किलोमीटर पश्चिम में आए।

कराकस सहित कई शहरों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। हालांकि सरकार ने अभी तक किसी आधिकारिक मृतक संख्या की पुष्टि नहीं की है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार कराकस हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे धूल का विशाल गुबार उठ गया। बताया जा रहा है कि यह पिछले 126 वर्षों में देश का सबसे बड़ा भूकंप है। इससे पहले वर्ष 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।

राष्ट्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति रोड्रिगेज ने भूकंप में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तरह जुटी हुई है।

राष्ट्रपति के अनुसार भूकंप से हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से इसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका समेत कई देशों ने वेनेजुएला से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की है और हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।

डेल्सी रोड्रिगेज ने देशभर में राष्ट्रीय आपातकाल लागू करते हुए डॉक्टरों और नर्सों से तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार में जुटने की अपील की है। साथ ही अगले आदेश तक कराकस के निकट स्थित माइकेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद रखने की घोषणा की गई है।

 
#वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप
# हजारों मौतों की आशंका