लॉरेंस बिश्नोई और अनिल पंडित गैंग के सदस्यों की पुलिस से मुठभेड़, दो शूटर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 जून- दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई तथा अनिल पंडित गैंग से जुड़े दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि पश्चिमी दिल्ली में वारदात को अंजाम देने पहुंचे दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीकत और सागर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हाल ही में गायक गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित जिम के बाहर हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से पाकिस्तान निर्मित हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जांच के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि गुरु रंधावा के जिम के बाहर फायरिंग उनकी अभिनेता सलमान खान के साथ नजदीकियों के कारण की गई थी।
फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

