हरियाणा में एक और वरिष्ठ IAS अधिकारी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 23 जून- केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने हरियाणा के चर्चित 661 करोड़ रुपये के IDFC First Bank और AU Small Finance Bank घोटाले की जांच के दौरान वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। हालांकि, एजेंसी ने यह नहीं बताया कि उन्हें कहां से गिरफ्तार किया गया। आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। वर्तमान में पंकज अग्रवाल आर्किटेक्चर विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
सीबीआई के अनुसार, जिस समय यह कथित घोटाला हुआ, उस दौरान पंकज अग्रवाल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग में प्रधान सचिव थे। आरोप है कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के खाते नियमों के विरुद्ध IDFC First Bank, सेक्टर-32, चंडीगढ़ में खोले गए थे। बाद में निर्धारित सीमा से अधिक सरकारी धनराशि इन खातों में ट्रांसफर की गई।
जांच एजेंसी का कहना है कि इन खातों के माध्यम से फर्जी लेन-देन कर सरकारी फंड का दुरुपयोग किया गया, जिससे सरकार को 60.54 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच के दौरान पंकज अग्रवाल के खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है।
सीबीआई अब तक इस मामले में 17 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी, निजी कंपनियों के प्रतिनिधि और अन्य लोग शामिल हैं। इससे पहले IAS अधिकारी आर.के. सिंह को भी इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

