राम मंदिर केस के बाद फैसला: मनसा देवी में बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे पुजारी; कमेटी गठित, कैमरों से निगरानी
हरिद्वार, 6 जुलाई - अयोध्या में राम मंदिर में चंदा चोरी के विवाद के बाद मां मनसा देवी मंदिर में दान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है। समिति में सात पुजारियों को शामिल किया गया है, सभी बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे। वहीं, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सभी पुजारियों को पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। श्रीमहंत ने कहा कि मंदिर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंदिर में आने वाले चढ़ावे और दान की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति में शामिल सातों पुजारी बिना जेब वाले कपड़े पहनेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मंदिर व्यवस्था से जुड़ा कोई भी व्यक्ति या पुजारी चढ़ावे और दान की राशि में हेराफेरी करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

