दो युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला, हालत गंभीर
पंचकूला (हरियाणा), 9 अगस्त- पंचकूला के बुढ़नपुर इलाके में शराब के ठेके के पास दो युवकों पर कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर चाकू, डंडों और तलवारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
घायलों की पहचान पंचकूला की इंदिरा कॉलोनी निवासी आरिफ और तालिब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ठेके के पास खड़े थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उन पर हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुई वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हमला कई मिनट तक चलता रहा। दोनों युवकों के सिर, पीठ और पैरों पर चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच अधिकारी सिंहराज के मुताबिक, मामला दर्ज कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पुरानी रंजिश के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।

