स्टैंड-अप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज 

नई दिल्ली, 26 नवंबर- स्टैंड-अप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ दिल्ली के साकेत पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। यह मामला बिहार की महिलाओं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता नीलोत्पल मृणाल ने साकेत पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 24 अक्टूबर को साकेत स्थित एक क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बिहार की महिलाओं, उनके सम्मान, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं।

शिकायतकर्ता ने कॉमेडियन यश महेश्वरी के साथ-साथ कार्यक्रम के आयोजकों और कॉमेडी क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79, 196, 296 और 352 शामिल की गई हैं।

वहीं, साकेत पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की पड़ताल की जाएगी। पुलिस सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

#स्टैंड-अप कॉमेडियन यश महेश्वरी के खिलाफ FIR दर्ज