प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज


नई दिल्ली, 27 नवंबर - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज होने वाली है। बता दें कि, संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाए जाने के प्रस्ताव के बाद सरकार ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी आज केंद्रीय कैबिनेट और मंत्रियों के साथ बैठक में गहन मंथन करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी संसद सत्र के विधायी एजेंडे, महत्वपूर्ण विधेयकों और सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा होगी।

महिला कोटा विधेयक पर चर्चा संभव
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, संसद के सत्र से पहले शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में परिसीमन से जुड़े महिला कोटा विधेयक पर चर्चा होने की संभावना है।

संसद सत्र की रूपरेखा पर होगा मंथन
इससे पहले गुरुवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी देते हुए बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सोमवार, 30 नवंबर 2026 को और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। आवश्यक सरकारी कामकाज के तहत यह सत्र गुरुवार, 3 दिसंबर तक चल सकता है।

मंत्रियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
वहीं, सत्र की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पहले ही मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले अपने-अपने मंत्रालयों के सभी विधायी और प्रशासनिक कार्य पूरे करने तथा विदेश यात्राओं से बचने की सलाह दे चुके हैं। आज होने वाले बैठक में सभी मंत्रालयों से उनके लंबित प्रस्तावों और विधेयकों की स्थिति पर रिपोर्ट ली जा सकती है, ताकि 30 नवंबर से शुरू होने वाली कार्यवाही के दौरान सदन में पूरी तैयारी के साथ उतरा जा सके।

#प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी