राज्यपाल ने पी.पी.एस.सी. के चेयरमैन व दो सदस्यों को दिलाई शपथ

चंडीगढ़, 20 अगस्त (अ.स.): पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की मौजूदगी में पंजाब लोक सेवा आयोग (पी.पी.एस.सी.) के नवनियुक्त चेयरमैन व दो सदस्यों को पद का रहस्य गुप्त रखने की शपथ दिलाई। लै. जनरल (सेवानिवृत्त) सुरिंदर सिंह ने पी.पी.एस.सी. के चेयरमैन के रूप में शपथ ली जबकि मोहाली के अतिरिक्त ज़िला व सत्र न्यायाधीश शविंदर सिंह मान ने अधिकारिक सदस्य व प्रसिद्ध लेखिका व कालम नवीस हरमोहन कौर संधू (बब्बू तीर) ने गैर-अधिकारिक सदस्य के रूप में शपथ ली। यहां पंजाब राज्य भवन में मुख्य सचिव करन अवतार सिंह ने शपथ ग्रहण समागम की कार्यवाही चलाई। इस मौके कैबिनेट मंत्री विजय इंद्र सिंगला, विशेष प्रमुख सचिव (राजस्व) के.बी.एस. सिद्धू, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सतीश चंद्रा, राज्यपाल के मुख्य सचिव जे.एम. बालामुरगम मुख्यमंत्री के विशेष मुख्य सचिव गुरकिरत कृपाल सिंह सहित नवनियुक्त सदस्यों के पारिवारिक सदस्य व शुभचिंतक मौजूद थे। इस अवसर पर पंजाब पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई।