पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने ली राज्यसभा सदस्यता की शपथ 

नई दिल्ली, 23 अगस्त (एजैंसी) : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। सभापति के कक्ष में शपथ ग्रहण कराए जाने के दौरान उनकी पत्नी गुरुशरण कौर, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल और आनंद शर्मा समेत कांग्रेस के कई शीर्ष नेता मौजूद थे। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कुछ भाजपा नेता भी मौजूद थे। सिंह (86) राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य पुन: चुने गए हैं। वह निर्विरोध चुने गए हैं क्योंकि भाजपा ने उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था। मनमोहन सिंह का ऊपरी सदन में कार्यकाल इस साल 14 जून को समाप्त हो गया था जिसके बाद उनकी राज्यसभा में वापसी हुई है।