महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए रोशनी से सजा बुर्ज खलीफा

दुबई, 3 अक्टूबर (एजेंसी): महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर दुबई की मशहूर गगनचुंबी इमारत बुर्ज खलीफा बापू की तस्वीरों के साथ रोशनी से जगमगा उठा। बुर्ज खलीफा ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट पर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो की शुरुआत में बुर्ज खलीफा को भारतीय झंडे के रंग में जगमगाते हुए दिखाया गया। इसके बाद इसमें गांधी जी की तस्वीर दिखाई जाती है। तत्पश्चात बापू की तस्वीर झंडे में समा जाती है और इसी के साथ इसका समापन होता है। इसके लिए धन्यवाद देते हुए दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकांउट पर लिखा, ‘‘गांधी जी के 150वीं जयंती के अवसर पर बुर्ज खलीफा ने इम्मार दुबई में बेहद ही शानदार तरीके से श्रद्धांजलि अर्पित की।’’ इसी के साथ यहां लोगों ने चार किलोमीटर की दूरी की पैदल यात्रा भी की। शांति और सहिष्णुता के लिए की गई यह पैदल यात्रा गांधी जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने का उनका अपना तरीका था। हर साल 2 अक्टूबर को वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है। इस दौरान कजाखिस्तान में स्कूली बच्चों को महात्मा गांधी की तस्वीर बनाते हुए देखा गया, लेबनॉन ने उन पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया, कई देशों में शांति और सहिष्णुता के मद्देनजर पैदल यात्रा का आयोजन किया गया, दुनिया ने अपने-अपने तरीकों से गांधी जी को इस दिन अपनी श्रद्धांजलि दी।