हरियाणा में पीएम मोदी और राहुल गांधी की रैलियां आज से 

नई दिल्ली,14 अक्तूबर - हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक-एक करके सभी पार्टियों के दिग्गज चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। हरियाणा का चुनावी रण सज चुका है अब आगामी चुनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में पहली चुनावी रैली आज राजा बल्लू की ऐतिहासिक नगरी बल्लभगढ़ विधानसभा के अन्तर्गत आने वाले सेक्टर-61 में आयोजित की जाएगी। दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी नूंह क्षेत्र से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। यह इन दोनों की हरियाणा में पहली रैली होगी। बता दें कि 90 सीटों वाली हरियाणा विधानसभा में आगामी 21 अक्तूबर को चुनाव होना है। 24 अक्तूबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिसे देखते हुए सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत के साथ जुट गई हैं।