उन्नाव दुष्कर्म मामला- सज़ा को चुनौती के लिए सेंगर पहुंचा हाईकोर्ट

नई दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) : भाजपा के निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने 2017 में उन्नाव में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में अपनी दोषसिद्धि और उम्रकैद को चुनौती देने के लिए बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया। सेंगर ने निचली अदालत के 20 दिसम्बर के फैसले को चुनौती दी। अदालत ने उसे उम्रकैद की सज़ा सुनाई थी और 25 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था। अदालत ने सेंगर को भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) कानून के तहत दोषी ठहराया था। सेंगर ने 2017 में युवती को अगवा किया और उससे दुष्कर्म किया। यह घटना जब हुई थी युवती उस समय नाबालिग थी।