शबाना आज़मी की सेहत में हो रहा है सुधार

मुम्बई, 22 जनवरी (भाषा) : पिछले सप्ताह एक दुर्घटना में घायल हुईं अभिनेत्री शबाना आजमी के पारिवारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आजमी की हालत स्थित है और उसमें सुधार हो रहा है। आजमी मुम्बई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 18 जनवरी को हुई दुर्घटना में आजमी को सिर पर चोट लगी थी। अभिनेत्री और उनके कार चालक कमलेश कामत को नवी मुंबई स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें उसी दिन अंधेरी स्थित धीरूभाई अंबानी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया था। आजमी को अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी यह अभी स्पष्ट नहीं है। अस्पताल के अधिकारी अधिक जानकारी देने के लिए उपलब्ध नहीं थे।