दिल्ली विधानसभा चुनाव- कैप्टन व खट्टर ने राजधानी में लगाये डेरे, सिविल सचिवालय में छाया सन्नाटा


चंडीगढ़, 4 फरवरी (एन.एस. परवाना) : दिल्ली विधानसभा के 8 फरवरी को होने वाले चुनाव में भाग लेने के लिए पंजाब व हरियाणा के मुख्यमंत्री क्रमवार कैप्टन अमरेन्द्र सिंह व श्री मनोहर लाल खट्टर ने देश की राजधानी में डेरे लगा लिए हैं। आज यहां हरियाणा व पंजाब का कोई मंत्री सिविल सचिवालय में नज़र नहीं आया। पता करने पर बताया कि दोनों राज्यों के कई मंत्री पार्टी प्रत्याशियों के चुनाव मुहिम को तेज़ करने के लिए दिल्ली पहुंचे हुए थे। आम आदमी पार्टी पंजाब की लीडरशिप भी कई दिनों से दिल्ली में डेरे लगाकर बैठी है। राष्ट्रीय राजधानी से मिलने वाली खबरों के अनुसार 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा के हर क्षेत्र में लगभग त्रिकोणीय टक्कर दिखाई दे रही है। चुनाव प्रचार मुहिम 6 फरवरी तक पूरे यौवन पर है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा भी अपने साथी कांग्रेसी नेताओं सहित दिल्ली के गली कूचों में पार्टी प्रचार के लिए सक्रिय है। आम आदमी पार्टी पंजाब विधायक दल के लीडरों का दावा है कि असल टक्कर ‘आप’ व भाजपा के मध्य है। सिविल सचिवालय में एक तरह से वीराना सा छाया है।