केन्द्रीय मंत्रियों द्वारा हरियाणा में चुनावी शंख-नाद

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिरसा में और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने सोनीपत में भाजपा की संसदीय क्षेत्र स्तर की रैलियों से हरियाणा में पार्टी का चुनावी शंखनाद कर दिया है। भाजपा ने प्रदेश के 8 संसदीय क्षेत्रों में संसदीय स्तर की और 2 संसदीय क्षेत्रों में राज्य स्तरीय रैलियां करने का कार्यक्रम बनाया है। इनमें सबसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिरसा में रैली की शुरूआत करते हुए कांग्रेस पार्टी व विशेषकर तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर तीखे प्रहार किए। सिरसा संसदीय क्षेत्र को भाजपा के लिए काफी कमजोर माना जाता रहा है। पिछली बार भाजपा ने चाहे सिरसा सहित प्रदेश की सभी 10 लोकसभा सीटें जीत ली थी लेकिन विधानसभा चुनाव के समय भाजपा को सिरसा ज़िले की पांच सीटों में कोई सीट नहीं आई थी और संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 9 विधानसभा क्षेत्रों में से मात्र 2 ही सीटें हासिल हुई थी। इन 9 सीटों में से डबवाली व कालांवाली कांग्रेस ने, रानियां व सिरसा निर्दलीय उम्मीदवारों ने, नरवाना व टोहाना जजपा ने, रतिया व फतेहाबाद भाजपा ने व ऐलनाबाद सीट इनेलो ने जीती थी। इस बार भाजपा ने सिरसा संसदीय क्षेत्र पर विशेष फोकस किया है और भाजपा सिरसा का ज़िलाध्यक्ष भी चौधरी देवीलाल के पौत्र आदित्य देवीलाल को बनाने के साथ-साथ उसे हरियाणा कृषि मंडी बोर्ड का चेयरमैन भी बनाया है ताकि भाजपा की गांव में भी पैठ बन सके। पिछले साल हुए ऐलनाबाद विधानसभा सीट के उपचुनाव को भी भाजपा जीत नहीं पाई थी और इनेलो की ओर से अभय चौटाला फिर ऐलनाबाद से विधायक चुने गए थे। 
विशेष छाप छोड़ गए गडकरी
सिरसा के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी न सिर्फ सोनीपत में भाजपा की संसदीय क्षेत्र स्तर की जनसभा को संबोधित करने आए बल्कि उन्होंने सोनीपत में 8 लेन के 11 फ्लाई ओवर का लोकार्पण किया और करोड़ों रुपए की कईं अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। गड़करी का कार्यक्रम जाट बैल्ट की सबसे महत्वपूर्ण संसदीय सीट सोनीपत में रखा गया था और इसके साथ-साथ गड़करी के कुछ कार्यक्रम करनाल ज़िले में भी रखे गए थे। इन कार्यक्रमों में 6 लेन की 1690 करोड़ रुपए से बनने वाली करनाल ग्रीन फील्ड रिंग रोड परियोजना भी शामिल है, जो करीब 35 किलोमीटर लंबी है। हरियाणा में पिछले कुछ सालों में सड़कों का काफी अच्छा काम हुआ है और प्रदेश की सड़कें काफी बेहतरीन मानी जाती है। इस अवसर पर गडकरी ने प्रदेश के लिए कईं अन्य ओवर ब्रिज व अंडर ब्रिजों की मांग को भी पूरा करने का ऐलान किया, जिन पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च आने हैं। गड़करी ने यह भी कहा कि अगले डेढ़ साल में हरियाणा में करीब 2 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं पर काम होगा और हरियाणा की सड़कें अमरीका के बराबर हो जाएंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री अपने इस हरियाणा दौरे दौरान प्रदेश के लोगों पर विशेष छाप छोड़ने में सफल रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गड़करी के अलावा अब केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अंबाला संसदीय क्षेत्र में और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की करनाल संसदीय क्षेत्र में जनसभाएं होनी हैं। इन जनसभाओं के अलावा बाकी संसदीय क्षेत्रों में भी भाजपा के केंद्रीय नेताओं की जनसभाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा हरियाणा भाजपा के प्रभारी व पूर्व मुख्यमंत्री बिपल्ब देब और हरियाणा भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ के साथ-साथ भाजपा के संगठन मंत्री रविंद्र राजू भी इन रैलियों का खाका तैयार करने और उन्हें अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं।  
पुरानी पैंशन के मुद्दे ने पकड़ा ज़ोर
हरियाणा में पुरानी पैंशन बहाली का मुद्दा फिर जोर पकड़ने लगा है। अगले साल हरियाणा में लोकसभा के अलावा प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। पुरानी पैंशन बहाली संघर्ष समिति ने दो महीने पहले पंचकूला में जोरदार प्रदर्शन किया था और चंडीगढ़ की ओर कूच का प्रयास किया तो पुलिस को न सिर्फ  बल का इस्तेमाल करना पड़ा बल्कि प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछारें भी की गई थी। अब पैंशन बहाली संघर्ष समिति ने पूरे प्रदेश में साइकिल यात्रा शुरू कर रखी है। संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र धारीवाल व महासचिव ऋषि नैन के नेतृत्व में चल रही यह साइकिल यात्रा 2 जून को नांगल चौधरी से शुरू हुई थी और प्रदेश के सभी जिलों से होते हुए 25 जून को चंडीगढ़ पहुंचेगी। संघर्ष समिति उसी दिन चंडीगढ़ में पुरानी पैंशन बहाली को लेकर हरियाणा के राज्यपाल को एक ज्ञापन भी सौंपेगी। इसी साल हिमाचल विधानसभा चुनाव में पुरानी पैंशन बहाली का मुद्दा काफी प्रमुखता से उठा था और कांग्रेस ने कर्मचारियों से यह वायदा भी किया था कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पैंशन स्कीम बहाल की जाएगी। हिमाचल में भाजपा की जगह कांग्रेस की सरकार बनने और सरकार बनते ही मुख्यमंत्री सखविंदर सुक्खू द्वारा पुरानी पैंशन बहाल करने के ऐलान के साथ ही हरियाणा के कर्मचारियों में भी अब यह मुद्दा काफी जोर पकड़ने लगा है। जिस तरह से यह मुद्दा निरंतर उठ रहा है उससे एक बात साफ है कि अगले साल प्रदेश में लोकसभा के अलावा विधानसभा के भी चुनाव होने हैं, इसलिए आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तेजी से उभरने के आसार है। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल कर्मचारियों को अपने साथ जोड़ने के लिए पहले ही यह ऐलान कर चुके है कि प्रदेश में उनकी सरकार बनते ही पुरानी पैंशन स्कीम बहाल कर दी जाएगी। अब सभी की नज़रें इस ओर लगी हुई हैं। 
कार को बाइक बना काटा चालान
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल के बेटे व प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की कार को बाइक बनाकर चालान करने वाले हिमाचल पुलिस के अधिकारियों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ा। हिमाचल पुलिस ने इस मामले में न सिर्फ अपनी गलती मानी बल्कि चालान करने वाले पुलिस अधिकारी को सख्त चेतावनी भी देनी पड़ी। पूर्व उपमुख्यमंत्री की इनडेवर गाड़ी को बिना हैलमेट चलाने का हिमाचल पुलिस द्वारा चालान किया गया था। हिमाचल पुलिस ने 29 अप्रैल को ई-चालान भेजा, जिसमें बताया गया कि यह चालान 25 जुलाई 2022 के संदर्भ में है। पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की यह गाड़ी उनकी पत्नी सीमा बिश्नोई के नाम पर है। चालान मिलने के बाद चंद्रमोहन के वकील व हरियाणा के युवा कांग्रेस नेता दीपांशु बंसल एडवोकेट ने इस मामले में हिमाचल के मुख्यमंत्री, डीटीपी, एसपी सिरमौर को एक ज्ञापन भेजा, जिसमें कहा गया कि जिस कथित बाइक को बिना हैलमेट चलाने का चालान भेजा गया है वह बाइक नहीं बल्कि इनडेवर गाड़ी है जोकि पूर्व उपमुख्यमंत्री के परिवार की है। यह मामला आला अधिकारियों के ध्यान में आते ही पूरे मामले की फिर से छानबीन की गई और हिमाचल पुलिस ने अपनी गलती को स्वीकार करते हुए कहा कि यह चालान गलती से हुआ है और इस चालान के बारे में अदालत में शुरू की गई कार्रवाई ड्रॉप कर दी गई और गलती करने वाले अधिकारी को भी कड़ी चेतावनी जारी की गई है। मजेदार बात यह है कि जो ई-चालान भेजा गया था उसमें कहा गया था कि आप बिना हैलमेट के बाइक चला रहे थे और फोटो भी बाइक का ही दिखाई दे रहा था। क्योंकि मामला हरियाणा के एक राजनीतिक परिवार से जुड़ा था और मामला हरियाणा के राजनीतिक गलियारों की चर्चा में आते ही हिमाचल पुलिस की किरकिरी होने लगी और आखिर पुलिस ने गलती मानकर अपना पीछा छुड़वा लिया। 

-मो.-9855465946