सांसद बनने की चाह में कैबिनेट मंत्री ने विधायक पद छोड़ा

शायद ऐसा पहली बार होगा कि केबिनेट मंत्री के पद पर विराजमान हों, सांसद बनने की इच्छा रखते हों, लेकिन चुने जाने से पहले ही विधायक पद से इस्तीफा दे दें। यह हैं हरियाणा के जेल और बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला, जो हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं। पिछली बार वह विधानसभा में आज़ाद विधायक के रूप में पहुंचे थे। भाजपा को विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत न मिलने पर उन्होंने भाजपा को समर्थन दिया और मनोहर लाल खट्टर की सरकार में वह अकेले निर्दलीय विधायक थे, जिन्हें केबिनेट मंत्री बनाया गया था। खट्टर के इस्तीफे के बाद नई बनी नायब सिंह सैनी की सरकार में भी उन्हें न सिर्फ दोबारा केबिनेट मंत्री बनाया गया, बल्कि वह अकेले ऐसे केबिनेट मंत्री थे, जिनके महकमे भी पुराने ही रखे गए। अब वह भाजपा में आ गए हैं और भाजपा ने भी बिना देर किए उन्हें हिसार से लोकसभा का टिकट दे दिया है। रानियां से विधायक रणजीत सिंह का इस्तीफा विधानसभा कार्यालय पहुंच गया है। खट्टर सरकार को समर्थन के बदले मंत्री पद हासिल करने वाले रणजीत सिंह अब नायब सिंह सैनी सरकार में भी मंत्री हैं। भाजपा सरकार को समर्थन देने वाले वह एकमात्र ऐसे आजाद विधायक हैं, जिन्हें मंत्रिमंडल में दोनों बार जगह मिली है। सिरसा में भाजपा का दामन थामने के बाद पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें हिसार लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित कर दिया है। रणजीत सिंह पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के बेटे हैं।
डॉ. तंवर की पार्टी परिक्रमा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे डॉ. अशोक तंवर ने लगभग सभी पार्टियों की परिक्रमा पूरी कर ली है। अब वह भगवा रंग में रंग गए हैं। भाजपा में शामिल होते ही उन्हें सिरसा क्षेत्र से टिकट भी मिल गई है। अशोक तंवर के लिए भाजपा ने मौजूदा सांसद सुनीता दुग्गल की टिकट काट दी। सिरसा से कांग्रेस के टिकट पर एक बार सांसद चुने गए अशोक तंवर इससे पहले तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। फिर वह आम आदमी पार्टी में चले गए। हाल ही में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली और इसके कुछ दिन बाद ही पार्टी ने उन्हें अब सिरसा लोकसभा क्षेत्र से अपना उम्मीदवार भी घोषित कर दिया है। कई साल तक युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और फिर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे डॉ. तंवर के नेतृत्व में लोकसभा और विधानसभा चुनाव हुए, लेकिन कांग्रेस को मात खानी पड़ी। उनकी अगुवाई में कांग्रेस को सत्ता नसीब नहीं हुई। लोग ऐसा मानते हैं कि डॉ. तंवर की सिफारिश पर कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में उनके कई समर्थकों को टिकट दिए थे, लेकिन टोहाना क्षेत्र से उनके कहने पर देवेंद्र सिंह बबली को टिकट नहीं दिया गया था। इस पर अशोक तंवर तो कांग्रेस छोड़ गए, लेकिन बबली जजपा के टिकट पर चुनाव जीत कर कैबिनेट मंत्री बन गए। एक बार सांसद रह चुके डॉ. अशोक तंवर इस बार भाजपा के टिकट पर सिरसा क्षेत्र से किस्मत आजमाने उतरे हैं। इस बार क्या रहेगा, यह जानने के लिए चार जून तक इन्तजार करना होगा।
चंद्रमोहन को आज़माएगी कांग्रेस?
कांग्रेस पार्टी क्या पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन को हिसार लोकसभा क्षेत्र से टिकट देगी? फैसला क्या होगा, यह जल्दी ही सामने आ जाएगा, लेकिन ऐसी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हिसार क्षेत्र से चौधरी भजन लाल, उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई सांसद रह चुके हैं। इस बार अगर भजन लाल के बड़े बेटे चंद्रमोहन को कंग्रेस का टिकट मिलता है तो मुकाबला रोचक हो सकता है। चंद्रमोहन कई बार विधायक रह चुके हैं। टिकट के लिए उन्हें कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा का भी समर्थन मिल सकता है। ऐसे में हिसार की लड़ाई जाट वर्सेज गैर जाट में बदल जाएगी। पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी हिसार से भाजपा टिकट के दावेदार थे, लेकिन उन्हें मायूस होना पड़ा है। ऐसे में उनके समर्थक चौधरी रणजीत सिंह की जीत के लिए दिन रात एक करेंगे, इसकी संभावना कम है। दूसरी तरफ चौधरी ओमप्रकाश चौटाला की इनेलो और पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जजपा भी हिसार से उम्मीदवार उतारेगी, इससे रणजीत सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हिसार से पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और डॉ. अजय चौटाला भी लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और दुष्यंत चौटाला सांसद भी रह चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या चौधरी देवीलाल के बेटे रणजीत सिंह हिसार से लोकसभा में पहुंच पाएंगे? 
बरकरार है विज की नाराजगी?
भले ही पूर्व गृह मंत्री अनिल विज कई बार कह चुके हों कि वह नाराज नहीं हैं, लेकिन जिस तरह से भाजपा के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता उनके घर के चक्कर लगा रहे हैं, उसे देखते हुए लगता है कि पार्टी में सब कुछ ठीक नहीं है। होली के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी अनिल विज से उनके अंबाला में शास्त्री कॉलोनी स्थित घर पर मुलाकात की। विज से गले मिलने के बाद खट्टर ने उनके माथे पर गुलाल का टीका भी लगाया और फिर बंद कमरे में काफी देर तक उनसे राज्य की राजनीति पर चर्चा की। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विज से उनके घर जा कर मुलाक़ात की थी और पैर छू कर विज का आशीर्वाद लिया था। सैनी के बाद अब खट्टर की मुलाकात के यही अर्थ लगाए जा रहे हैं कि नाराज विज को मनाने की कोशिशें अभी भी जारी हैं। खट्टर के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और मुख्यमंत्री नायब सैनी के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद दोनों की विज से यह पहली मुलाक़ात थी। खट्टर से पहले और नायब सैनी के बाद राज्य के पंचायत व विकास मंत्री महिपाल ढांडा और परिवहन मंत्री असीम गोयल भी विज से उनके घर जा कर मुलाकात कर चुके हैं। 
खट्टर एवं अभय चौटाला को सुरक्षा
हरियाणा में किसी को ज़ैड तो किसी को वाई प्लस सुरक्षा मिल गई है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को जेड प्लस सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है, वहीं इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय चौटाला को वाई प्लस सुरक्षा दी गई है। खट्टर को आईबी की इनपुट के आधार पर ज़ैड प्लस सुरक्षा देने का फैसला किया गया है। खट्टर ने 12 मार्च को मुख्यमंत्री पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने उन्हें करनाल लोकसभा क्षेत्र से टिकट दे दिया है। वह अपना चुनाव अभियान भी शुरू कर चुके हैं। खट्टर के इस्तीफे से खाली हुई करनाल विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव करवाया जा रहा है। उपचुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी भाजपा के टिकट पर मैदान में उतर सकते हैं। उधर, इनेलो के विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला को वाई प्लस सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। चौटाला ने ज़ैड प्लस सुरक्षा की मांग की थी। सुरक्षा की मांग को लेकर उन्होंने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को सुरक्षा मुहैया कराने के आदेश दिए। चौटाला इनेलो के टिकट पर कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां यह उल्लेख करना जरूरी है कि इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की कुछ दिन पहले हमलावरों ने झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में गोलियां मार कर हत्या कर दी थी। तब हरियाणा सरकार पर आरोप लगे थे कि राठी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन उनकी इस मांग पर गौर नहीं किया गया। ऐसे हालात में हरियाणा सरकार अब किसी तरह के विवादों में नहीं फंसना चाहती। 

मो.-9855465946