विश्व की दो अरब आबादी पोष्टिक आहार से वंचित

अंतर्राष्ट्रीय खाद्य नीति अनुसंधान संस्थान (आईएफपीआरआई) द्वारा हाल ही में जारी वैश्विक खाद्य नीति रिपोर्ट इस मायने में और अधिक गम्भीर हो जाती है कि लाख प्रयासों के बावजूद दुनिया की बहुत बड़ी आबादी को पोष्टिक आहार नहीं मिल पा रहा है। हालिया रिपोर्ट के अनुसार दुनिया की 2.2 अरब आबादी आज भी पोष्टिक आहार से वंचित है। इसके कारण कुपोषण बढ़ रहा है और लोग बीमारियों का आसान शिकार बन रहे हैं। मज़े की बात यह है कि हमारी आदतों के कारण बहुत बड़ी मात्रा में एक और भोजन की बर्बादी हो रही है तो हमारी व्यवस्थाआें के चलते बड़ी मात्रा में या तो खाद्यान्न बेहतर रखरखाव के अभाव में खराब हो जाता है या फिर पोस्ट हार्वेस्टिंग गतिविधियों को विस्तारित व काश्तकारों तक तकनीक की पहुंच नहीं होने के कारण खराब हो जाता है यानी की एक और हमारी आदतों के कारण तो दूसरी और खाद्यान्नों को सहेज के रखने की सही व्यवस्थाओं के अभाव में बेकार हो जाता है और इसका सीधे-सीधे खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। 
यह कोई पहला अवसर नहीं है जब इस तरह की रिपोर्ट जारी हो रही हो, बल्कि आईएफपीआरआई का यह सालाना कार्यक्रम है और पति वर्ष इस तरह की रिपोर्ट जारी होती है। इसमें भी कोई दो राय नहीं कि हालात में सुधार हो रहा है, परन्तु जिस तरह का सुधार होना चाहिए था वह हो नहीं हो पा रहा है। यह किसी एक देश की समस्या हो ऐसा भी नहीं है, कमोबेश यह हालात दुनिया के अधिकांश देशों में हैं। हां, अंतर इतना है कि कम आय वाले देशों में समस्या अधिक गम्भीर है। यह तो साफ हो गया है कि कुपोषण के कारण या यूं कहे कि पौष्टिक आहार की सहज उपलब्धता नहीं होने के कारण सीधे सीधे स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। एक मोटे अनुमान के अनुसार यदि लोगों को पौष्टिक आहार मिलने लगे तो पांच में से एक जान तो आसानी से बचाई जा सकती है। पौष्टिक भोजन नहीं मिलने की गंभीरता को इसी से समझा जा सकता है कि 14.8 करोड़ बच्चे अविकसित हो रहे हैं तो 4.8 करोड़ बच्चे कम वजनी हो रहे हैं। केवल पौष्टिक आहार नहीं मिलने के कारण ही 50 लाख लोग डायबिटिज के शिकार हो रहे हैं। अधिक वजन और मोटापा आम होता जा रहा है। कुपोषण के कारण गैर संचारी बीमारियाें की गिरफ्त आते जा रहे हैं। 
हालांकि दुनिया के देशों की सरकारें लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए गम्भीर है। पर इसके प्रमुख कारणों में से सहज उपलब्धता, पहुंच का अभाव, सामर्थ्य यानी कि गरीबी या पर्याप्त आय नहीं होना है। सबसे अधिक वैश्विक स्तर पर हालातों से निपटने के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। दुनिया के देशों को मांग और आपूर्ति की व्यवस्था को भी देखना होगा। इस सबके साथ ही हमारी बदलती जीवन शैली जिसमें गैर-पौष्टिक खाद्य व पेय पदार्थों का सेवन आम होता जा रहा है, उस पर भी रोक लगानी चाहिए और जब तक सरकारों के प्रयास सफल नहीं होते तब तक हमें भी हमारी आदतों को सुधारने की पहल करनी ही होगी। इसके सब के साथ ही दुनिया के देशों के सिविक सेंस को भी सकारात्मक बनाना होगा। हालांकि कई देशों में होटलों, रेस्ट्रारैंटों, सामूहिक आयोजनों सहित विभिन्न आयोजनों में भोजन की बर्बादी रोकने के लिए सक्रियता दिखाई है, परन्तु यह उंट के मुंह में ज़ीरे से अधिक नहीं है। ऐसे में हमें अनाज के एक एक दाने को बचाने के बारे सोचना होगा। जिस तरह से पार्टियों में खाने की बर्बादी होने लगी हैं, यह अपने आप में गम्भीर बात है। बुफे के खानें में इसको आसानी से देखा जा सकता है। भले ही यह हालात हमारे देश में हो कि आयोजनों में किस तरह से लोग बुफे स्टॉल पर टूट पड़ते हैं, खाने की प्लेट को एक ही बार में भर लेते हैं और फिर जूठन के रूप में डस्टबिन को समर्पित कर देते हैं। यह तस्वीर खाने की बर्बादी को दर्शा देती है। कमोबेश यह हालात दुनिया के अधिकांश देशों में देखे जा सकते हैं। अब सोचिये इस तरह से बर्बाद खाना कितने लोगों के पेट को भर सकता है। खाने का यह दुरुपयोग आसानी से रोका जा सकता है। इसके लिए प्रकृति या व्यवस्था को दोष नहीं दिया जा सकता। इसी तरह से खेत खलिहान में व्यवस्थाओं के अभाव में होने वाली कृषि उत्पादों का नुकसान भी कम किया जा सकता है। इस तरह से अन्न और खाद्यान्नों दोनों की बर्बादी को रोका जा सकता है तो दूसरी और यह सब ज़रूतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए विश्व खाद्य संगठन व इसी तरह की अन्य संस्थाएं आसानी से कर सकती है। सवाल सीधा-सा है कि उपलब्ध खाद्यानें से ही समस्या को एक हद तक तो दूर किया ही जा सकता है। इसके साथ ही दुनिया के देषों की सरकारों को अन्य उपायों पर भी ध्यान देना होगा ताकि लोगों को पौष्टिक आहार मिल सके। 


-मो. 94142-40049 

#विश्व की दो अरब आबादी पोष्टिक आहार से वंचित