हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी
नई दिल्ली, 1 मार्च - उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार ऐसा पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से उत्तर-पश्चिमी भारत में पहुंच रही भारी नमी के कारण हो रहा है। इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश, भारी बर्फबारी और बिजली गिरने की संभावना है। यहां 120 मिमी तक बारिश हो सकती है। इसका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिखाई देगा। इन क्षेत्रों में घने बादल छाए रहेंगे तथा ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा जानकारी के अनुसार पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। इसके साथ ही उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना है।