मोगा सेक्स स्कैंडल के आरोपियों को सीबीआई कोर्ट ने सुनाई सज़ा
मोहाली, 7 अप्रैल - 18 साल पुराने मोगा सेक्स स्कैंडल मामले में मोहाली की सीबीआई अदालत ने चार पूर्व पुलिस अधिकारियों को 5-5 साल की सजा सुनाई है। इनमें तत्कालीन एसएसपी दविंदर सिंह गरचा, पूर्व एसपी हेडक्वार्टर मोगा परमदीप सिंह संधू, पूर्व एसएचओ थाना सिटी मोगा रमन कुमार और पुलिस स्टेशन मोगा के तत्कालीन एसएचओ, पुलिस स्टेशन सिटी मोगा इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह शामिल है। कोर्ट ने सभी को 2-2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। मामले के शिकायतकर्ता रनजीत सिंह ने कहा कि फैसला सही आया है। वह फैसले से संतुष्ट है। कोर्ट ने 29 मार्च को इस मामले में चारों को दोषी ठहराया गया था। सीबीआई कोर्ट ने देविंदर सिंह गरचा और पीएस संधू को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 (1) (डी) के साथ धारा 13 (2) के तहत दोषी पाया था। रमन कुमार और अमरजीत सिंह को भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की इन्हीं धाराओं और भारतीय दंड संहिता की धारा 384 (जबरन वसूली) के तहत दोषी ठहराया गया था। अमरजीत सिंह को अतिरिक्त रूप से आईपीसी की धारा 384 के साथ धारा 511 के तहत भी दोषी पाया गया था।