नाबालिग लड़कियों को जबरन मजदूरी करवाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जालंधर, 22 अप्रैल - नाबालिग लड़कियों का अपहरण कर उन्हें दूसरे ज़िले में ले जाकर उनसे जबरन मजदूरी करवाने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजेश पंडित के रूप में हुई है, जिसके बारे में जालंधर पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। मिली जानकारी के अनुसार रामा मंडी व थाना 8 के इलाके से नाबालिग लड़कियों के अपहरण का मामला सामने आया था, जहां 13 वर्षीय लड़की ने बहादुरी दिखाते हुए घर पर घटना की सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार करा लिया। दरअसल, आरोपी दो लड़कियों का अपहरण कर उन्हें कपूरथला ले गया और उनसे मजदूरी करवा रहा था। उसने फरवरी और अप्रैल में धोगड़ी  रोड और बशीरपुरा से 7 और 13 साल की लड़कियों का अपहरण किया था। कपूरथला में 13 वर्षीय पायल ने किसी का फोन लेकर अपनी मां को फोन किया। लड़कियों की सूझबूझ के कारण कपूरथला में मौजूद लोगों ने पुलिस को फोन किया और फिर जालंधर पुलिस ने वहां जाकर लड़कियों को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। देर रात घर लौटने पर पायल ने अपने साथ घटी पूरी घटना बताई।

#नाबालिग लड़कियों
# मजदूरी
# आरोपी