हांसी पुलिस की पीसीआर एक्सीडेंट मामले में तैनात तीनों पुलिस कर्मचारी सस्पेंड
हांसी, 5 जुलाई (ललित भारद्वाज): गढ़ी गांव के पास पीसीआर-2 एक्सीडेंट मामले में गाड़ी में सवार पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही तीनों पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने के एसपी ने आदेश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार-शुक्रवार रात को करीब पौने एक बजे कंट्रोल रूम हांसी से जानकारी मिली कि गांव गढ़ी के पास हांसी पुलिस की पीसीआर-2 एक्सीडेंट हो गई है। जिसमें स्टाफ को चोटें आई हैं। जिन्हें नागरिक अस्पताल हांसी में भर्ती करवाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान पाया कि पीसीआर- 2 ने पहले हरियाणा सरकार में मंत्री की पायलट कर समय रात 10:23 पर रामायण टोल प्लाजा पर छोड़ दिया था। बाद में पी सीआर-2 की ड्यूटी थाना शहर हांसी के एरिया में थी। पीसीआर स्टाफ अपने निजी कार्य से गांव मुंढाल ज़िला भिवानी पहुंचे। अपना निजी कार्य करने के बाद गाड़ी को तेज रफ्तार से दौड़ा कर गांव गढ़ी के पास गाड़ी को ट्रक के पीछे मारा। जिसमें गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन न करते हुए लापरवाही का परिचय दिया है। जिनको तुरंत प्रभाव से निलंबित किया गया है। गाड़ी को ठीक करवाने में जितना भी खर्च आएगा। इन सभी से वहन किया जाएगा।
बाक्स :
ये था मामला
कैबिनेट मंत्री रणवीर सिंह गंगवा वीरवार की रात्रि करीब नारनौल से नेशनल हाईवे 152 डी से होते हुए हिसार आए थे। हांसी जिला पुलिस की पीसीआर ने गांव गढ़ी से हांसी के रामायण टोल प्लाजा तक मंत्री के काफिले को पायलट किया था। जिसके बाद देर रात पुलिस की गाड़ी वापस गांव गढ़ी की तरफ जा रही थी। गढ़ी गांव के पास ट्रक के साथ टक्कर होने पर गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल सब इंस्पेक्टर राजकुमार और कांस्टेबल विजय को पहले हांसी के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हिसार रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल पुलिसकर्मी धर्मपाल को उनके परिजन हिसार ले गए। हादसे के बाद सोरखी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।