महिला पहलवान विनेश फोगाट बनी मां
हरियाणा, 1 जुलाई- महिला पहलवान विनेश फोगाट मां बन गई हैं। हरियाणा की महिला पहलवान विनेश फोगाट ने दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया है। विनेश को सोमवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। विनेश फोगाट ने 6 मार्च 2025 को अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की थी। विनेश ने अपने पति सोमवीर राठी के साथ एक फोटो शेयर की और लिखा कि हमारी प्रेम कहानी एक नए अध्याय के साथ जारी है। इसके साथ ही उन्होंने नन्हे के पैरों के निशान और प्यार की निशानी शेयर की। विनेश के ससुर राजपाल राठी ने बताया कि उनकी बहू मां बन गई है। जुलाना क्षेत्र के गांव बख्ताखेड़ा निवासी सोमवीर राठी और विनेश की मुलाकात रेलवे में नौकरी के दौरान हुई थी। हालांकि शुरुआत में दोनों ज्यादा बातचीत नहीं करते थे, लेकिन बाद में उनकी दोस्ती बढ़ने लगी। विनेश ने 2018 में जकार्ता में हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। पदक जीतकर जब वह भारत लौटीं तो दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर सोमवीर राठी ने उन्हें प्रपोज किया और उनकी उंगली में अंगूठी पहनाई। उसी साल दोनों ने शादी कर ली। तब से दोनों साथ हैं। सोमवीर राठी भी पहलवान हैं और दो बार के राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों की शादी 14 दिसंबर 2018 को हुई थी। हिंदू रीति-रिवाजों के मुताबिक शादी में सात फेरे लिए जाते हैं, लेकिन विनेश और सोमवीर ने आठ फेरे लिए। आठवां फेरा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ की शपथ के साथ संपन्न हुआ। इसलिए उनकी शादी काफी अलग थी।