टिहरी गढ़वाल में सात मार्च तक राशन कार्ड संबंधी कार्य बाधित, वितरण व्यवस्था रहेगी सुचारू


टिहरी, 26 फरवरी  उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में राशन कार्ड से जुड़े कार्य गुरुवार से सात मार्च तक अस्थायी रूप से बाधित रहेंगे। 
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुक्त कार्यालय, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, उत्तराखण्ड देहरादून के निर्देशानुसार वर्तमान आरसीएमएस पोर्टल को यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल में माइग्रेट किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि माइग्रेशन प्रक्रिया के दौरान आज से सात मार्च तक आरसीएमएस पोर्टल पर संचालित सभी कार्य-जैसे नए राशन कार्ड बनवाना, संशोधन, नाम जोड़ना/हटाना तथा दुकान संबंधी प्रक्रियाएं-पूरी तरह स्थगित रहेंगी। इस अवधि में संबंधित ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
प्रशासन ने हालांकि स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण कार्य पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। जिले की सभी उचित दर की दुकानों पर निर्धारित तिथि के अनुसार खाद्यान्न वितरण पूर्ववत सुचारू रूप से जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं, राशन कार्ड धारकों एवं उचित दर विक्रेताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पोर्टल संबंधी कार्य सात मार्च के बाद ही कराएं।
 

#टिहरी गढ़वाल