खड़ी क्रेन से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो गंभीर



बैतूल, 03 मार्च मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गई, जिससे कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। 
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के समीप यह दुर्घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे हुई। पुलिस के अनुसार, भोपाल के नंबर की एक कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार के दरवाजे और शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। घायलों को'108Óएंबुलेंस और निजी वाहनों से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और रामनगर निवासी अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के समय कार ऋतिक सोलंकी चला रहा था। वह भोपाल में किराए की टैक्सी चलाता था।
घायलों में गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) शामिल हैं। आकाश पाल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांचों युवक एक ढाबे से भोजन कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मामले की जांच की जा रही है।
 

#खड़ी क्रेन