नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 25 साल पुराना सपना बन रहा है अब हकीकत
उत्तर प्रदेश के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का 25 साल पुराना सपना अब हकीकत बन रहा है, जहां आठ दिन बाद एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। इस मौके पर पीएम मोदी और यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। यह देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनेगा।
जेवर में करीब 25 साल बाद एयरपोर्ट का सपना पूरा हो रहा है। वर्ष 2001 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री राजनाथ सिंह की ओर से जेवर में ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल और एविएशन हब (टीआईएएच) रूप में एयरपोर्ट प्रस्तावित किया गया था। तत्कालीन केंद्र की अटल बिहारी सरकार ने अप्रैल 2003 में एयरपोर्ट की स्थापना के लिए तकनीकी-व्यवहार्यता रिपोर्ट को स्वीकार किया था।
हालांकि बाद अगले 16 वर्ष तक कई बार हवाई अड्डा कभी राजस्थान के भिवाड़ी और कभी हरियाणा और कभी यूपी में फिरोजाबाद के लिए भी तत्कालीन सरकारों ने ले जाने का प्रयास किया लेकिन बात आगे नहीं बढ़ी। वर्ष 2014 में केंद्र में मोदी सरकार और वर्ष 2017 में प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद इस सपने को सच करने के लिए मुख्य कार्य हुआ, जो आज पूरा होने जा रहा है।

