रादौर:रिमझिम बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, तापमान में आई गिरावट
रादौर : शुक्रवार सुबह से हो रही हल्की बारिश ने रादौर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है। लगातार रिमझिम बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं, बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। जिससे व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है। एक स्थानीय दूकानदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह से बारिश के कारण मार्किट में कामकाज प्रभावित है। वहीं कृषि क्षेत्र पर भी इस बारिश का असर देखने को मिल रहा है। लगातार जारी बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। ऐसे में किसानों को अपने खेतों की नियमित निगरानी करने और पानी की निकासी के उचित प्रबंध करना चाहिए।

