उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह वर्षा जारी रहने की संभावना- मौसम विभाग


आईएमडी के अनुसार, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से, उत्तर-पश्चिम भारत में इस सप्ताह वर्षा जारी रहने की संभावना है। 4 अप्रैल को भारी वर्षा हो सकती है। कश्मीर घाटी में छिटपुट भारी वर्षा के साथ हिमपात होने की भी संभावना है। 31 मार्च को मध्य और पूर्वी भारत में और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना है। 31 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा की संभावना है। दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट वर्षा जारी रह सकती है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

हिमाचल में आज अंधड़-ओलावृष्टि का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में अटल टनल रोहतांग सहित प्रदेश की चोटियों पर बर्फबारी हुई। चार जिलों शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब, गेहूं, मटर और अन्य फसलों को नुकसान हुआ है। हिमाचल में मंगलवार को भी अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। पांच अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। सोमवार को राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। चंबा में बारिश से 61 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से 300 गांवों में ब्लैकआउट छा गया। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी से सुबह और शाम मौसम में फिर ठंडक लौट आई है। खराब मौसम के कारण गगल एयरपोर्ट पर दिल्ली से आने वाली एक उड़ान रद्द करनी पड़ी। जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र में भी तेज अंधड़ के साथ मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी नुकसान पहुंचाया।
 

# उत्तर-पश्चिम भारत