तृणमूल कांग्रेस का चुनाव आयोग पर आरोप, कहा- पिछले दरवाजे से प्रशासन पर कब्जा
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता जय प्रकाश मजूमदार ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और टीएमसी को निशाना बना रहा है। चुनाव आयोग ने पीछे के दरवाजे से राज्य प्रशासन और पुलिस पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नामांकन को लेकर कहा, "ममता दीदी पहले ही साफ कर चुकी हैं कि 294 सीटों पर वही असली चेहरा हैं। भले ही अलग-अलग सीटों पर अलग उम्मीदवार खड़े हों, लेकिन जनता के लिए चुनाव का मतलब ममता बनर्जी ही हैं।"
उन्होंने कहा कि भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी एक अनडिस्प्यूटेड यानी बिना किसी चुनौती वाली उम्मीदवार हैं। स्थानीय लोग उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानते हैं और जमीन से जुड़ा नेता समझते हैं। इस वजह से भवानीपुर में ममता बनर्जी रिकॉर्ड वोटों से जीत हासिल करेंगी। जय प्रकाश मजूमदार ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग लगातार तृणमूल कांग्रेस को निशाना बना रहा है और पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर गलत तस्वीर पेश की जा रही है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग ने पीछे के दरवाजे से राज्य के प्रशासन और पुलिस पर कब्जा कर लिया है।

