दिल्ली सहित आस-पास के शहरों में धूल भरी आंधी के बाद बारिश, कई इलाकों में भारी जाम
नई दिल्ली, 17 अप्रैल - दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। बीते कई दिनों से सूरज की तपिश अपना कहर बरपा रही थी, लेकिन शुक्रवार को इस पर ब्रेक लग गया। दोपहर तक जहां तेज धूप रही, वहीं करीब 3 बजे के बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाएं चलने लगीं और देखते ही देखते कई इलाकों में बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, आंधी ने आमजन की मुश्किलें भी बढ़ा दीं। सड़कों पर चल रहे वाहन चालकों को धूल भरी हवाओं के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम ढलते-ढलते मौसम और ज्यादा सक्रिय हो गया और रात में कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। बारिश के बाद दिल्ली समेत एनसीआर के कई हिस्सों में जलभराव और भीषण जाम की स्थिति बन गई। सड़कों पर लंबी-लंबी कतारों में वाहन फंसे नजर आए, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

