तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश से लुढ़का तापमान, लोगों को मिली गर्मी भारी राहत
यमुनानगर, 3 मई (कुलदीप सैनी)- यमुनानगर में आज सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और चारों तरफ घना अंधेरा छा गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई जोरदार बारिश ने लोगों को चौंका दिया। सुबह का समय होने के बावजूद ऐसा महसूस हो रहा था मानो शाम हो गई हो। तेज हवाओं की रफ्तार के साथ बारिश ने पूरे जिले में तापमान को तेजी से नीचे गिरा दिया है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों को इस बदलाव से काफी राहत मिली है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही आज के दिन के लिए तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई थी, जो अब पूरी तरह सही साबित होती नजर आ रही है। विभाग के अनुसार आने वाले घंटों में भी मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। फिलहाल प्रशासन सतर्क है और लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बिजली के खंभों और पेड़ों से दूर रहें ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। कुल मिलाकर यमुनानगर में बदले मौसम ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं लोगों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है।

