केवल सिंह ढिल्लों पंजाब BJP अध्यक्ष बने
चंडीगढ़ , 28 मई, पंजाब में अगले वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने पंजाब इकाई की जिम्मेदारी अब केवल सिंह ढिल्लों को दी है.वह बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और पंजाब की राजनीति में विकासवादी छवि वाले नेता के तौर पर पहचाने जाते हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 में बरनाला विधानसभा उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव लड़ा.
केवल सिंह ढिल्लों एक संपन्न और प्रभावशाली परिवार से संबंध रखते हैं, जिसे पंजाब और देश के बड़े उद्योगपति परिवारों में गिना जाता है. वह पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते रहे हैं. बरनाला को जिला बनाए जाने का श्रेय भी काफी हद तक केवल सिंह ढिल्लों के प्रयासों को दिया जाता है.
उनका पैतृक गांव टल्लेवाल भी बरनाला जिले में स्थित है.
ढिल्लों पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं. वह वर्ष 2012 से 2017 तक बरनाला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक रहे. इसके अलावा उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में संगरूर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली. 2022 के संगरूर लोकसभा उपचुनाव और 2024 के बरनाला विधानसभा उपचुनाव में भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से चुनाव मैदान में किस्मत आजमाई, लेकिन दोनों चुनावों में उन्हें आम आदमी पार्टी के नेता के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद केवल सिंह ढिल्लों की पहचान बरनाला में विकासवादी और सौम्य छवि वाले नेता के रूप में बनी हुई है.
केवल सिंह ढिल्लों पंजाब BJP में सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। आने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है। आपको बता दें कि मौजूदा अध्यक्ष सुनील जाखड़ का तीन साल का कार्यकाल जुलाई में खत्म हो रहा है। सूत्रों की मानें तो जाखड़ 2027 के चुनावों के लिए कैंपेन को लीड करने में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

