मलौट में नौकरानी ने दिया वारदात को अंजाम, चोरी के मामले में 5 लोग गिरफ्तार
मलोट, 5 जून – मलोट पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर से सोने के बिस्कुट और लाखों रुपये नकद चोरी होने का मामला सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता बलदेव कुमार के घर खाना बनाने वाली महिला रानी शर्मा ने यह चोरी की थी। चोरी किए गए सोने को बेचने और इस्तेमाल करने में कई अन्य लोग भी शामिल थे।
सिटी SHO वरुण यादव को 17-18 मई को एक शिकायत मिली थी। यह शिकायत बलदेव कुमार की ओर से थी, जिन्होंने बताया कि रानी शर्मा नाम की महिला, जो उनके घर खाना बनाती थी, ने घर की अलमारी से 400 ग्राम सोने के बिस्कुट और 50,000 रुपये चुरा लिए थे। DSP ने बताया कि हमने मामले की तकनीकी जांच की और पाया कि रानी शर्मा ने सुमन रानी को काम पर रखा था और उसने आगे गुरप्रीत सिंह को शामिल किया। दुबई से आए गुरप्रीत सिंह ने यह सोना 'मॉडर्न ज्वैलर' के मालिक सुखविंदर सिंह उर्फ सुखी को यह कहकर बेचा कि वह यह सोना दुबई से लाया है।
इस मामले में कुल 7 आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें से हमने 5 को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लगभग 60 ग्राम सोने के गहने और 1,80,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

