पिंजौर के पास खाई में पलटी इनोवा, 22 वर्षीय युवती की मौत
पिंजौर, 17 जून (अली) - पिंजौर के गांव नोल्टा के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि चालक समेत 7 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार इनोवा कार एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटी।
मृतका की पहचान ठाठर मांधना निवासी ऊषा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इनोवा कार में चालक सहित कई महिलाएं सवार थीं, जो परवाणू के कामली स्थित एक साबुन निर्माण कंपनी में नौकरी के लिए जा रही थीं।
मृतका के भाई कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार चालक वाहन को काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। इसी वजह से तीखे मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल, पंचकूला पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया कि ऊषा के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, कार में सवार एक घायल महिला ने बताया कि वाहन से पहले से ही अजीब आवाजें आ रही थीं और चालक बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था। उन्होंने कई बार चालक से गाड़ी धीमी चलाने के लिए कहा था।
दूसरी ओर, गंभीर रूप से घायल इनोवा चालक हेमंत का दावा है कि कार के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

