कोलकाता में हादसा : तारातला में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, पांच लोगों के मारे जाने की आशंका


कोलकाता, 24 जून - पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर एक भयानक हादसा हो गया। यहां ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर एक तीन मंजिला निर्माणाधीन गोदाम अचानक गिर गया। इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मलबे के नीचे अभी भी कई लोगों के दबे हो सकते हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। जानकारी मिली है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।

10 लोगों को निकाला गया बाहर
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 10 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन सभी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा दोपहर करीब 12 बजे ब्रेस ब्रिज के पास हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि जब इमारत गिरी, तो मलबे के नीचे से लोगों के चीखने-चिल्लाने और मदद मांगने की आवाजें आ रही थीं। बचाव दल के सदस्य फंसे हुए लोगों को निकलने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

#कोलकाता
# हादसा