जिम में वर्कआउट के दौरान युवक की मौत
एस. ए. एस. नगर, 25 जून (कपिल वाधवा) - मोहाली के 3B2 स्थित एक जिम में वर्कआउट करते समय एक युवक की अचानक मौत की दुखद खबर मिली है। मृतक की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-56 निवासी 23 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश रोजाना की तरह जिम में एक्सरसाइज कर रहा था। इस दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। जिम स्टाफ और वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मुकेश की शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी। युवक की अचानक मौत से परिवार और इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

