फाजिल्का पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लूटपाट करने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार, हथियार, 760 ग्राम हेरोइन और ढाई लाख की ड्रग मनी बरामद
फाजिल्का, 19 जुलाई: फाजिल्का पुलिस ने लूटपाट और छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 6 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, एक खोखा, 2 धारदार हथियार (कापे), 760 ग्राम हेरोइन और 2.50 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है।
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि जलालाबाद सिटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक गांव टिवाणा कला के पास बंद पड़े शेलर में हथियारों के साथ किसी बड़ी लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान परमजीत सिंह और साजन सिंह निवासी गांव मुहम्मदेवाला का नाम भी सामने आया। इनमें से परमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि साजन सिंह पहले से ही फरीदकोट जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का संचालन वही जेल से कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन कुमार उर्फ अमना के खिलाफ पहले से 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि साजन सिंह पर चोरी, डकैती, लूटपाट और आर्म्स एक्ट से जुड़े 7 मामले दर्ज हैं।
एसएसपी ने कहा कि साजन सिंह को जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों की सप्लाई और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पहले रेकी करता था और फिर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। मामले की गहन जांच जारी है।

