हिमाचल विधानसभा मानसून सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले हंगामा
शिमला , 25 अगस्त हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के चौथे दिन भी सदन के बाहर पक्ष और विपक्ष के बीच सियासी टकराव देखने को मिला। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और हाथों में तख्तियां लेकर गंभीर आरोप लगाए।विपक्ष ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला, जबकि सत्ता पक्ष की ओर से उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया।
विपक्ष ने हिमकेयर और सहारा योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं का आरोप है कि इन योजनाओं को कमजोर या बंद किए जाने से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा है और गरीब एवं जरूरतमंद लोगों से मुफ्त इलाज की सुविधा छीनी जा रही है।नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमकेयर योजना की जानकारी प्रदेश के बच्चे-बच्चे को थी और लाखों हिमाचलियों को इसके माध्यम से मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजना को बंद कर प्रदेशवासियों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधा से वंचित कर रही है।जयराम ठाकुर ने सत्ता पक्ष के प्रदर्शन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अब से ही विपक्ष में बैठने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, क्योंकि प्रदेश की जनता आने वाले समय में उसे सत्ता से बाहर करने वाली है।

