ऊना में श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटा, कई घायल
ऊना, 25 अगस्त (हरपाल सिंह कोटला)- ऊना के पीरनिगाह मंदिर के पास मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, करनाल, हरियाणा से श्रद्धालुओं का एक जत्था दो दिन पहले लंगर लगाने के लिए ऊना पहुंचा था। मंगलवार को श्रद्धालु नैना देवी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान पीरनिगाह मंदिर के पास एक तीखे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 50 से 60 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और अन्य लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस कारण हुआ, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
#ऊना में श्रद्धालुओं से भरा वाहन पलटा
# कई घायल

