मॉनसून सत्र के दूसरे दिन की भी हंगामे के साथ शुरुआत
*सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस और भाजपा विधायकों के एक दूसरे के खिलाफ किया प्रदर्शन
शिमला , 22 अगस्त - हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत भी हंगामे के साथ हुई है।सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस और भाजपा विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ विधानसभा परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन किया।कांग्रेस विधायकों ने भाजपा पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाया, तो वहीं दूसरी तरफ भाजपा विधायकों ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।कांग्रेस विधायकों ने भाजपा के खिलाफ विधानसभा परिसर में जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रीय गान के अपमान कर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष सदन को राजनीतिक अखाड़ा बनाना चाहता है और सदन की कार्यवाही को चलने नहीं देना चाहता। विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ़ कोई मुद्दे नहीं है इसलिए पिछले कल राष्ट्रीय गान के बाद सीधा वंदे मातरम् को सदन में गाने की माँग करने लगा जो नियमों के मुताबिक नहीं है। राष्ट्रीय गीत सत्र के समापन पर गाया जाता है और विधानसभा अध्यक्ष ने इसका जिक्र किया। विधानसभा सदन नियमों के मुताबिक चलता है न कि धक्काशाई से चलता है। बीजेपी ने राष्ट्रीय गान का अपमान किया है जो बेहद निंदनीय है। भाजपा के विधायक असल मुद्दों से जनता का ध्यान बांटना चाहते हैं इसलिए वंदे मातरम को बेवजह मुद्दा बनाया जा रहा है जबकि कांग्रेस वंदे मातरम का सम्मान करती है।

