पंजोखरा साहिब विवाद:युवाओं की रिहाई के बाद परिवार में खुशी का माहौल
अंबाला, 22 अगस्त - अंबाला के पंजोखरा साहिब विवाद के बाद जेल में बंद दो सिख युवाओं को आज देर शाम रिहा कर दिया गया है। दोनों युवाओं की रिहाई के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। इससे पहले युवाओं की रिहाई को लेकर सिख संगत की ओर से लगातार प्रदर्शन किए गए थे। वहीं, मुख्यमंत्री हरियाणा से मुलाकात के दौरान भी दोनों युवाओं की जल्द रिहाई और मुकदमे रद्द करने का आश्वासन मिला था।
पंजोखरा साहिब विवाद के बाद पुलिस ने दो सिख युवाओं को हिरासत में लिया था, जिसके बाद उनकी रिहाई की मांग को लेकर सिख संगत की ओर से कई प्रदर्शन किए गए। मामला मुख्यमंत्री हरियाणा तक भी पहुंचा, जहां सिख संगत ने दोनों युवाओं की रिहाई की मांग रखी। मुख्यमंत्री की ओर से जल्द रिहाई का आश्वासन दिया गया था। इसी बीच आज देर शाम जेल में बंद दोनों सिख युवाओं को अदालत से जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया। युवाओं के बाहर आने के बाद परिवार में खुशी की लहर है। इस मामले में दोनों युवाओं की ओर से पैरवी कर रहे वकील चंदीप सिंह ने बताया कि अदालत ने दोनों को बेल दे दी है। अब 26 अगस्त को मामले की अगली सुनवाई होगी, जिसमें दोनों युवाओं का कोर्ट में पेश होना जरूरी है। इसके बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

