भाजपा ने कभी जाति विशेष को लेकर राजनीति नहीं की :असीम गोयल
अम्बाला , 19 अगस्त - भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता को लेकर इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा की गई टिप्पणी पर आज अंबाला में पूर्व मंत्री असीम गोयल ने तीखा पलटवार किया है। अभय चौटाला के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए असीम गोयल ने कहा कि भाजपा ने कभी जाति विशेष को लेकर न तो राजनीति की है और न ही कोई टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस बात को बार बार हाइलाइट करने वालों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर वादा खिलाफी के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस के इन्हीं आरोपों को लेकर पूर्व मंत्री असीम गोयल कांग्रेस पर भी तीखा तंज कसा है। असीम गोयल ने कहा कि यह "नौ सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली" वाली बात है। ये ठेकेदारी व्यवस्था का ढोंग पीटते थे,इनके नेताओं के घरों से नौकरी लगने वालों की लिस्ट बनकर जाती थी। ये वही लोग हैं जिन्होंने पर्ची और खर्ची के साथ नौकरियां बांटी हैं। लेकिन हमारे मुख्यमंत्री जुबान के धनी हैं,क्योंकि उन्होंने शपथ लेने से पहले युवाओं को नौकरी दी और कांग्रेस उस समय भी नौकरी रुकवाने के लिए इलेक्शन कमीशन में चली गई थी। हुड्डा आज किस मुंह से बात कर रहे हैं यह समझ से परे है।

