बिहार में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा, पांच की मौत
चंपारण , 22 अगस्त - पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बसवरिया और पराउटोला के बीच रात करीब 11 बजे हुआ।बताया जा रहा है कि गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में आयोजित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छठिहार समारोह में लगा था ऑर्केस्ट्रा
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन किया गया था। उनका घर NH-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम देखने के लिए आसपास के कई लोग सड़क किनारे जुटे हुए थे। इसी दौरान लौरिया की ओर से बेतिया जा रही शाही बस तेज रफ्तार में वहां पहुंची और अचानक अनियंत्रित होकर लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

