शिकंजे में महाराष्ट्र TET पेपर लीक का मुख्य आरोपी, बिहार से दबोचा गया बिजेंद्र कुमार गुप्ता
पुणे, 25 जुलाई - महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता को भिवंडी पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। मामले में भिवंडी पुलिस ने बताया कि उसे पुणे एयरपोर्ट लाया गया है, जहां से उसे पुणे ले जाया जाएगा। पुलिस उसे जल्द ही अदालत में पेश करेगी और उसकी रिमांड लेकर पूछताछ करने की तैयारी में है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वीरेंद्र कुमार गुप्ता से पूछताछ के दौरान पेपर लीक नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य आरोपियों, आर्थिक लेन-देन और पूरी साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र कुमार गुप्ता कई महीनों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। उसकी तलाश में बिहार समेत कई राज्यों में लगातार अभियान चलाए जा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से मामले की जांच को नई दिशा मिलने की उम्मीद है और पेपर लीक रैकेट से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचना आसान हो सकता है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस मामले में इससे पहले वीरेंद्र कुमार गुप्ता की पत्नी सहित कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, मुख्य आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और व्यापक होने की संभावना है।

