बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर सुबह हुआ बड़ा हादसा

लखीसराय  , 17 अगस्त बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर, अशोकधाम के पास सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। अशोकधाम हॉल्ट पर एक साथ दोनों दिशाओं से ट्रेनों के पहुंचने के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं के भागने से रास्ते में लगी बांस की बैरिकेडिंग टूट गई और बिजली का एक पोल भी गिर गया। पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई, जिसके बाद श्रद्धालुओं में दहशत पैदा हो गई। भगदड़ में कई महिलाएं भीड़ के दबाव में दब गईं। हादसे में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की मौत करंट लगने से नहीं हुई, बल्कि भगदड़ के दौरान भीड़ में दबने से हुई है। डीएम शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार ने बताया कि हादसे के समय बिजली आपूर्ति बंद थी और बिजली के तार भी कवर किए गए थे।

पहले ट्रेन आईं, फिर गिरा पोल और फैल गई करंट की अफवाह

प्रशासन के अनुसार, सोमवार सुबह अशोकधाम हॉल्ट पर एक ही समय में दोनों दिशाओं से ट्रेनें पहुंचीं। ट्रेनों को देखकर कुछ युवकों ने अचानक दौड़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान रास्ते में लगी बांस की बैरिकेडिंग टूट गई और बिजली का एक पोल भी गिर गया। पोल गिरते ही श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह फैल गई कि बिजली का करंट फैल गया है। देखते ही देखते अफवाह तेजी से फैल गई और लोगों में दहशत पैदा हो गई। प्रशासन का कहना है कि घटना के समय बिजली आपूर्ति बंद थी और तार कवर किया हुआ था। इसके बावजूद श्रद्धालु सुरक्षित निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान भीड़ का दबाव बढ़ा और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई।

#बिहार के लखीसराय