आय से अधिक संपत्ति मामला: राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज करेगा सुनवाई

नई दिल्ली, 17 अगस्त - सुप्रीम कोर्ट आज राहुल गांधी की इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करेगा। हाई कोर्ट ने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए थे। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी।

20 जुलाई को इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ ने सीबीआई के जवाब पर असंतोष जताया था। अदालत ने एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी को जांच की स्थिति दर्शाते हुए नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था। हाई कोर्ट ने कहा था कि सीबीआई की ओर से पहले दाखिल किया गया हलफनामा उसके पिछले आदेशों के अनुरूप नहीं था। अदालत ने नई दिल्ली स्थित सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक मुख्यालय में संबंधित जोन के संयुक्त निदेशक को अगली सुनवाई से पहले व्यक्तिगत रूप से नया हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया था।

बता दें कि कर्नाटक भाजपा कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का आरोप लगाते हुए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय से मामले की जांच की मांग की थी। इसके बाद अदालत ने आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए थे। सीबीआई ने इस मामले में विग्नेश शिशिर से भी पूछताछ की है।

 
#आय से अधिक संपत्ति मामला: राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज करेगा सुनवाई