लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, 7 लोगों की मौत; कई घायल
पटना, 17 अगस्त - बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सोमवार को भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने से 7 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
SDPO शिवम कुमार ने ANI को बताया कि अब तक 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में बिजली का एक खंभा गिरने के बाद कुछ लोग बिजली की चपेट में आ गए, जिसके चलते मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
अधिकारी ने कहा कि घटना की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में घायलों के साथ-साथ मृतकों के शव भी लाए गए हैं।
प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर स्थिति संभालने और घटना की जांच में जुटी हैं। हादसे को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।



