स्टाफ सदस्य के हादसे की सूचना मिलते ही दौरा छोड़ अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM, दिखी मानवीय संवेदना

ऊना/हिमाचल प्रदेश, 5 सितंबर (हरपाल सिंह कोटला) - उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के काफिले में शामिल डीएसपी बिन्नी मिन्हास का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही उप मुख्यमंत्री ने अपना दौरा बीच में छोड़ दिया और जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। डीएसपी बिन्नी मिन्हास उप मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालते हैं।

अस्पताल पहुंचकर मुकेश अग्निहोत्री ने डीएसपी बिन्नी मिन्हास के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनकी स्थिति के बारे में बातचीत की। चिकित्सकों ने उनका सीटी स्कैन सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है और घबराने की कोई बात नहीं है।

इसके बाद डीएसपी बिन्नी मिन्हास अस्पताल से वापस लौट आए। हादसे में उनके चालक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।

करीब एक घंटे तक अस्पताल में मौजूद रहे डिप्टी CM

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करीब एक घंटे तक अस्पताल में मौजूद रहे। इस दौरान वह लगातार चिकित्सकों से डीएसपी बिन्नी मिन्हास के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे और उनकी चिकित्सकीय जांच पूरी होने तक अस्पताल में ही मौजूद रहे।

स्टाफ के प्रति दिखी आत्मीयता

दौरे और कार्यक्रमों की व्यस्तता के बीच अपने स्टाफ सदस्य के साथ खड़े रहने का उप मुख्यमंत्री का यह भाव उनकी मानवीय संवेदना को दर्शाता है। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारी और कर्मचारी उनके लिए केवल ड्यूटी का हिस्सा नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों की तरह हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही अपना कार्यक्रम छोड़कर अस्पताल पहुंचना और चिकित्सकीय जांच पूरी होने तक करीब एक घंटे वहीं मौजूद रहना इसी आत्मीयता और संवेदनशीलता का उदाहरण माना जा रहा है।

#स्टाफ सदस्य के हादसे की सूचना मिलते ही दौरा छोड़ अस्पताल पहुंचे डिप्टी CM
# दिखी मानवीय संवेदना