हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सैकड़ों परिवारों को भाजपा में करवाया शामिल

छेहरटा (अमृतसर), 26 सितंबर (पत्र प्रेरक)- विधानसभा हलका पश्चिमी अमृतसर से वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश कुमार रिंकू वाल्मीकि की ओर से छेहरटा में भाजपा की विशाल रैली करवाई गई, जिसमें विशेष तौर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। इस दौरान विभिन्न पार्टियों को छोड़कर आए सैकड़ों परिवारों को मुख्यमंत्री सैनी ने पार्टी का चिन्ह पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।

रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पंजाब की आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्ता को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह पवित्र धरती गुरुओं, पीरों और संतों की धरती है। उन्होंने इस शानदार कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब की जनता अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों से लगातार जुड़ रही है।

पंजाब के राजनीतिक हालात पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस ने झूठे वादे करके जनता को गुमराह किया और फिर सत्ता में आई ‘आप’ ने भी अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में सिर्फ खोखले दावे ही किए।

दोनों पार्टियों ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय नशे के दलदल में धकेलने का काम किया है। जनता अब इनके झूठे दावों से तंग आ चुकी है और जिस तरह कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया था, उसी तरह अब ‘आप’ को भी बाहर करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर एक महीने में ही राज्य को नशा मुक्त किया जाएगा या तो नशे का कारोबार करने वाले लोग अपना कारोबार बंद कर देंगे या फिर वे यहां से भाग जाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि ‘आप’ ने सत्ता में आने से पहले कुछ ही महीनों में नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को एक मजबूत और वास्तविक ‘रंगला पंजाब’ बनाना है। पार्टी का पूरा ध्यान राज्य में बड़े स्तर पर औद्योगिक निवेश लाने और युवाओं को पक्का रोजगार उपलब्ध करवाने पर रहेगा। खेलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ मुहिमों के कारण आज देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहरा रहे हैं और स्वर्ण पदक जीत रहे हैं।

पंजाब सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि जनता को काम का हिसाब चाहिए, क्योंकि मंचों से सिर्फ चुटकुले सुनाने से लोगों का पेट नहीं भरता।

जांच एजेंसियों की कार्रवाइयों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक पूरी तरह स्वायत्त और स्वतंत्र संस्था है। ईडी सिर्फ पंजाब में ही नहीं, बल्कि हरियाणा समेत देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने विपक्षी दलों को चेतावनी दी कि जांच एजेंसियों के काम को राजनीतिक रंग देने के बजाय वे जनता के सामने अपने किए वादों और कामकाज का हिसाब दें।

इस मौके पर राकेश कुमार रिंकू वाल्मीकि की ओर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को सम्मानित किया गया।

इस दौरान पूर्व सांसद श्वेत मलिक, जिला प्रधान सलिल कपूर, पूर्व जिला प्रधान हरविंदर सिंह संधू, आनंद शर्मा, गुरप्रताप सिंह टिक्का, अलका शर्मा, मनजीत कौर चंडोल, अविनाश शैला, छेहरटा मंडल प्रधान सतीश पुंज, सतीश मंटू, मनजीत सिंह मिंटा, पवन चावला, संत रविंदर गिरी, रोहित सहोता, पूर्व काउंसलर अरविंद शर्मा, रमन कुमार छेहरटा, पन्ना लाल भारद्वाज, सौरव शर्मा, अमित राय, पंकज देवेसर, मानव सोढ़ी, लक्की मेहता, जोगिंदर सिंह लोहे वाला समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।

#हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सैकड़ों परिवारों को भाजपा में करवाया शामिल