पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई 4 किलो हेरोइन समेत तीन दोस्त गिरफ्तार
फाजिल्का, 30 सितंबर (प्रदीप कुमार) - भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास फाजिल्का पुलिस ने 4 किलो हेरोइन समेत तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारत पहुंची थी, जिसे आरोपी आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 20 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि CIA फाजिल्का की टीम जलालाबाद इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जला लाखे के हिठाड़ के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे तीन युवकों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 4 किलो हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव सिंह उर्फ संजू, धीरजपाल उर्फ धीरज और मनदीप सिंह उर्फ दीपी, सभी निवासी जला लाखे के हिठाड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े आगे और पीछे के लिंक की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पैसों के लालच में नशा तस्करी से जुड़े थे।

