केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों को बांटी डिग्रियां

सोनीपत, 9 अक्टूबर - हरियाणा के सोनीपत स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (NIFTEM-कुण्डली) में 7वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने पास आउट छात्रों को डिग्रियां प्रदान कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आज का दिन तमाम छात्रों के लिए एक बड़ा और यादगार दिन है। खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े अलग-अलग विषयों में अपनी पढ़ाई पूरी करने वाले युवा देश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। चिराग पासवान ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग सेक्टर का महत्व इसी बात से समझा जा सकता है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से 'सप्त धारा' का जिक्र किया, तो उसमें फूड प्रोसेसिंग को दूसरा स्थान दिया गया था।

#WATCH | सोनीपत, हरियाणा: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग NIFTEM-कुण्डली के डिग्री वितरण समारोह में शामिल होने पर कहा, "मैं तमाम छात्रों को ढे़र सारी बधाई देता हूं। अलग-अलग क्षेत्रों में फ़ूड प्रोसेसिंग से जुड़े कोर्सेज़ को पूरा करके, सांतवें कन्वोकेशन के माध्यम से आज बच्चों को डिग्री देने का काम किया गया। ये उनके लिए बड़ा दिन है... मैं मानता हूं कि फ़ूड प्रोसेसिंग का जो सेक्टर है, ये अपने में बहुत महत्वपूर्ण सेक्टर है। इसकी महत्वता हम इस बात से समझ सकते हैं कि जब इस बार लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री ने सप्त धारा का जिक्र किया तो फ़ूड प्रोसेसिंग का दूसरा स्थान था... हमारे प्रधानमंत्री की सोच ग्लोबल फूड बास्किट की रही है कि हम दुनिया के सामने खुद को एक फूड बास्किट के रूप में प्रस्तुत करें..."

— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 9, 2026

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन भारत को दुनिया के सामने एक 'ग्लोबल फूड बास्केट' (Global Food Basket) के रूप में पेश करना है। भारत की कृषि और खाद्य क्षमता दुनिया भर की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मददगार है बल्कि यह देश के युवाओं के लिए रोजगार और नए स्टार्टअप शुरू करने के बेहतरीन अवसर भी पैदा कर रहा है।

#Union Minister Chirag Paswan
# students
# degrees